सेवानिवृत्त न्यायाधीश राजनी दुबे बनीं छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण की अध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के आवास एवं पर्यावरण विभाग ने सेवानिवृत्त न्यायाधीश राजनी दुबे को छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण, रायपुर के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में शासन ने 14 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार यह नियुक्ति राज्य शासन, एतद्वारा, भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 46 की उपधारा (1) के खंड (अ) एवं उपधारा (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई है। राजनी दुबे, जो छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर की सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं, को छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण, रायपुर के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि यह नियुक्ति अधिनियम की धारा 47(1) के अंतर्गत होगी। अध्यक्ष का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से अधिकतम 5 वर्ष अथवा 67 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, रहेगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि श्रीमती दुबे के अध्यक्ष पद की सेवा संबंधी अन्य नियम एवं शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।




