झीरम कांड पर फिर टला फैसला, अब 5 सितंबर को आएगा निर्णय; NIA कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम कांड मामले में आज आने वाला फैसला एक बार फिर टल गया है। NIA की विशेष अदालत ने मामले में फैसला सुरक्षित रखते हुए अब 5 सितंबर को निर्णय सुनाने की तारीख तय की है। इससे पहले अदालत ने 31 अगस्त को फैसला सुनाने की तारीख निर्धारित की थी।
झीरम घाटी हमले से जुड़े इस मामले में लंबे समय तक चली सुनवाई के दौरान 101 गवाहों और 100 आरोपियों के बयान दर्ज किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था।
आज फैसले की उम्मीद के चलते मामले से जुड़े पक्षों और लोगों की नजरें अदालत की कार्रवाई पर टिकी थीं, लेकिन निर्णय अब 5 सितंबर तक के लिए टल गया है।
झीरम कांड छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे बड़ी राजनीतिक हिंसक घटनाओं में से एक है। 25 मई 2013 को दरभा घाटी में नक्सली हमले में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के कई नेताओं समेत 29 लोगों की मौत हुई थी। मामले में NIA लंबे समय से जांच कर रही है।




