अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में रायपुर जिला सहकारी बैंक ने अर्जित किया ₹216 करोड़ का लाभ, किसानों को ₹11,583 करोड़ का भुगतान

रायपुर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, रायपुर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में वित्तीय मजबूती, किसान कल्याण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बैंक ने वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 में लगातार ₹216-216 करोड़ का सकल लाभ अर्जित किया। वहीं, प्रशासनिक व्यवस्था के तहत श्रीमती व्यास का स्थानांतरण छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित, मुख्यालय नवा रायपुर में किया गया है।
दो वर्षों तक ₹216 करोड़ का सकल लाभ
बैंक की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2026 की स्थिति में बैंक की कार्यशील पूंजी ₹8,600 करोड़ से अधिक और कुल जमा अमानतें ₹6,971 करोड़ से अधिक रही। लगातार दो वित्तीय वर्षों में ₹216 करोड़ का सकल लाभ बैंक की वित्तीय स्थिति को दर्शाता है।
किसानों को ₹11,583 करोड़ का भुगतान
धान खरीदी वर्ष 2025-26 में बैंक से संबद्ध समितियों के माध्यम से कुल 37,36,666 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। इसके तहत किसानों को समर्थन मूल्य के रूप में ₹8,854 करोड़ और कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत ₹2,729 करोड़ का भुगतान सुनिश्चित किया गया। इस तरह कुल ₹11,583 करोड़ का भुगतान किया गया।
कृषि ऋण वितरण के मामले में भी बैंक ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। 30 सितंबर 2026 तक बैंक ने ₹2,200.16 करोड़ का खरीफ अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया, जो निर्धारित लक्ष्य का 102.10 प्रतिशत है। पिछले वर्ष इसी अवधि में ₹1,723.46 करोड़ का ऋण वितरित किया गया था। इस तरह ऋण वितरण में लगभग 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
माइक्रो एटीएम से ₹66.61 करोड़ का लेन-देन
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करने के लिए बैंक ने अपनी सभी प्राथमिक सहकारी समितियों में ऋणी किसानों के लिए माइक्रो एटीएम की सुविधा उपलब्ध कराई। एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच 74,279 सदस्यों ने माइक्रो एटीएम के माध्यम से कुल ₹66.61 करोड़ का लेन-देन किया।
इसके साथ ही समितियों के कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, आधार, पैन कार्ड और बिजली बिल भुगतान सहित 32 सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सेवाओं के माध्यम से ₹257 लाख का लेन-देन दर्ज किया गया।
12 समितियों में जन औषधि केंद्र शुरू
ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैंक की 12 प्राथमिक सहकारी समितियों ने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र योजना के तहत जन औषधि केंद्रों का संचालन शुरू किया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की गई है।
सहकारिता क्षेत्र में बैंक की उपलब्धियों की चर्चा
वित्तीय प्रदर्शन, कृषि ऋण वितरण, धान खरीदी भुगतान और डिजिटल सेवाओं के विस्तार को सहकारिता क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। श्रीमती अपेक्षा व्यास के कार्यकाल में बैंक ने इन विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति दर्ज की है।
उनका स्थानांतरण नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के मुख्यालय में होने के बाद अब रायपुर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की यह प्रगति यात्रा आगे भी जारी रहने की उम्मीद जताई गई है।




