छत्तीसगढ़राजनीति

छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों पर बनेंगे किसान मितान, हर बूथ पर 10 कार्यकर्ता संभालेंगे किसानों से संवाद की जिम्मेदारी

रायपुर। किसानों तक सीधे पहुंच बनाने और केंद्र व राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए भाजपा छत्तीसगढ़ 27 हजार बूथों पर किसान मितान नियुक्त करने जा रही है। प्रत्येक बूथ पर 10 किसान मितान बनाए जाएंगे। इस तरह पूरे प्रदेश में करीब 2 लाख 70 हजार किसान मितान तैनात होंगे। किसान मितान गांव और बूथ स्तर पर किसानों से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे।

हर बूथ पर किसानों से सीधा संवाद

भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को गांव और बूथ स्तर पर मजबूत करने के साथ किसानों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर मंथन किया गया। किसान मितान बूथ स्तर पर किसानों से संपर्क कर उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझेंगे। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने का काम करेंगे।

किसानों की सुविधा के लिए खुलेंगे 354 नए धान खरीदी केंद्र – CM साय

बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के दौरान किसानों को अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे। इससे किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान, गरीब, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और किसान हितैषी योजनाओं को गांव-गांव और किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

दो साल में 11 हजार करोड़ की योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि करीब 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं से जुड़े कार्यों को आगामी दो वर्षों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता, संवेदनशील क्षेत्रों में विकास कार्यों के विस्तार और शिक्षा व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

किसान मोर्चा को संगठन की अहम कड़ी बताया

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि किसान मोर्चा केवल अलग संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि भाजपा के मुख्य संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों और कृषि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी।

प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने मोर्चा की गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं का ब्यौरा रखा। कार्यसमिति में किसान हित, संगठन विस्तार, सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान किसान हित से जुड़ा राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा गया।भाजपा की नई किसान मितान व्यवस्था को बूथ स्तर पर किसानों से संगठन का सीधा संपर्क मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search