छत्तीसगढ़

नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का कैंपस, 40 एकड़ में बनेगा राष्ट्रीय स्तर का शिक्षण संस्थान

लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा क्षेत्र में बड़ी पहल सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (NMIMS) अब नवा रायपुर अटल नगर में अपना कैंपस स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मंगलवार को संस्थान के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

40 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक कैंपस

NMIMS का कैंपस नवा रायपुर के सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (SVKM) को यह जमीन 90 वर्ष की लीज पर दी गई है। राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को संस्थान के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। अब लीज और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के साथ कैंपस स्थापना का रास्ता साफ हो गया है।

2-3 साल में शुरू होगा पहला बैच

संस्थान की स्थापना की पूरी प्रक्रिया आगामी सात वर्षों में पूरी करने का लक्ष्य है। हालांकि विद्यार्थियों को इसका लाभ इससे पहले मिलने लगेगा। दो से तीन वर्षों के भीतर पहला शैक्षणिक बैच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।कैंपस पूरी तरह विकसित होने के बाद यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे।

छत्तीसगढ़ के युवाओं को प्रदेश में ही मिलेंगे राष्ट्रीय स्तर के अवसर- CM साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए बड़े महानगरों का रुख न करना पड़े। NMIMS की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संस्थान के जरिए युवाओं को प्रबंधन, कौशल विकास, आधुनिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा अपने प्रदेश में ही हासिल करने का अवसर मिलेगा।

शिक्षा के साथ रोजगार और उद्यमिता को भी बढ़ावा:NMIMS की स्थापना का लाभ केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रहने वाला है। इससे कौशल विकास, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। संस्थान विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय विकसित करने में भी भूमिका निभाएगा। इससे प्रदेश के उभरते औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद मिलेगी।

नवा रायपुर बनेगा एजुकेशन और नॉलेज हब

राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर को आधुनिक शहर के साथ एजुकेशन और नॉलेज हब के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। NMIMS जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना से इस प्रयास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

देश के विभिन्न हिस्सों से विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं के नवा रायपुर आने से शहर के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक वातावरण का विस्तार होगा। साथ ही शिक्षा से जुड़ी सेवाओं और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आवास एवं पर्यावरण सचिव अंकित आनंद तथा नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण के सीईओ चंदन कुमार उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search