NTPC News: विजय शंकर दुबे ने संभाला NTPC सीपत के परियोजना प्रमुख का पदभार

बिलासपुर। विजय शंकर दुबे, मुख्य महाप्रबंधक ने 1 सितंबर 2026 से एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख का पदभार संभाल लिया है। एनटीपीसी में 30 वर्षों से अधिक के अनुभव वाले दुबे को प्रचालन, योजना एवं प्रणाली, परियोजना प्रबंधन तथा परियोजना निर्माण के क्षेत्र में व्यापक विशेषज्ञता हासिल है।
उन्होंने वर्ष 1995 में कार्यपालक प्रशिक्षु के रूप में एनटीपीसी में करियर की शुरुआत की थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने एनटीपीसी विंध्याचल, गाडरवाड़ा, नॉर्थ करणपुरा और एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।
दुबे ने करियर की शुरुआत एनटीपीसी विंध्याचल में प्रचालन के क्षेत्र से की। इसके बाद योजना एवं प्रणाली विभाग में तकनीकी एवं परियोजना संबंधी कार्यों का अनुभव हासिल किया। गाडरवाड़ा और एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाईं, जबकि नॉर्थ करणपुरा में परियोजना निर्माण और क्रियान्वयन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किया।
एनटीपीसी सीपत का पदभार संभालने से पहले वे एनटीपीसी कॉरपोरेट सेंटर में परियोजना प्रबंधन से जुड़े हुए थे। उन्होंने टोटल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, IPMA लेवल ‘C’ प्रमाणन कार्यक्रम तथा आईआईएम अहमदाबाद के LEAD कार्यक्रम सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त किए हैं। दुबे ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. तथा MACT, भोपाल से मशीन डिजाइन में एम.टेक. की डिग्री हासिल की है।
उनके पदभार ग्रहण करने पर एनटीपीसी सीपत के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके व्यापक अनुभव और नेतृत्व में एनटीपीसी सीपत के प्रचालन उत्कृष्टता, परियोजना क्रियान्वयन और सतत विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने की उम्मीद है।
एनटीपीसी सीपत : 2,980 मेगावाट की स्थापित क्षमता
बिलासपुर स्थित एनटीपीसी सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन की कुल स्थापित क्षमता 2,980 मेगावाट है। स्टेशन में स्टेज-I के तहत 660 मेगावाट की तीन इकाइयां और स्टेज-II के तहत 500 मेगावाट की दो इकाइयां हैं।एनटीपीसी सीपत में वर्तमान में 800 मेगावाट क्षमता की स्टेज-III परियोजना अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल तकनीक पर विकसित की जा रही है। इसके शुरू होने के बाद स्टेशन की कुल क्षमता बढ़कर 3,780 मेगावाट हो जाएगी।
हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए स्टेशन में 26 मेगावाट क्षमता के फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का निर्माण भी किया जा रहा है। एनटीपीसी सीपत छत्तीसगढ़ सहित सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बिजली की आपूर्ति करता है।



