छत्तीसगढ़

पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष: 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ में जलेंगे 36 लाख आशीर्वाद के दीये

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया पूरे अभियान का खाका, 7 अक्टूबर को देशभर के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे PM मोदी

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन और जनसेवा में 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य और 17 सितम्बर को पीएम मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत पीएम मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर से होगी और यह एक महीने तक यानी 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के दौरान बीजेपी द्वारा पिछले 25 वर्षों में पीएम मोदी की जनहितकारी नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस अभियान के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी, उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत करीब 36 लाख दीप जलाए जाएंगे। प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 100 दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति जनता का आशीर्वाद और समर्थन व्यक्त किया जाएगा।

जिला मुख्यालयों में पहुंचेगी मशाल

‘सेवा ज्योति यात्रा’ के अंतर्गत जिला मुख्यालयों के प्रमुख चौक-चौराहों तक मशाल पहुंचाई जाएगी। यहां LED स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री के अनुसार 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को संबोधित करेंगे।

युवाओं की टोलियां निकालेंगी यात्रा

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत युवाओं की टोलियां वडनगर से वाराणसी तक यात्रा करेंगी। यह यात्रा छत्तीसगढ़ के कवर्धा और कोरिया से होकर गुजरेगी। इस दौरान सेवा गतिविधियों के साथ युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

सेवा मेरा योगदान, सेवा के रंग अभियान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत कार्यकर्ता मिलकर विभिन्न कार्यों के तहत जनहित के कार्य करेंगे। इसके साथ ही ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम में विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित रंगोलियां बनाई जाएंगी। इन रंगोलियों के जरिए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों तथा देश में हुए बदलावों को रचनात्मक तरीके से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

पंच से संसद तक की टीम होगी शामिल

विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर ‘जनसेवक महाकुंभ’ आयोजित होगा। जिसमें पंच से संसद तक की टीम होगी शामिल।

‘25 साल की 25 कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न पड़ावों, महत्वपूर्ण कार्यों और देश में आए बदलावों को जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 25 वर्षों में हुए बदलाव और विकास कार्यों की कहानी को जनता तक पहुंचाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सेवा का संदेश देना है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search