छत्तीसगढ़राजनीति

छत्तीसगढ़ सियासत से जुड़ी बड़ी खबर: PM आवास पर आज आमने-सामने होंगे भूपेश बघेल और विजय शर्मा, रायपुर प्रेस क्लब पहुंचेंगे दोनों नेता

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में PM आवास योजना को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच चल रही बयानबाजी अब आमने-सामने की बहस तक पहुंच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज दोपहर 12 बजे रायपुर प्रेस क्लब पहुंचेंगे, जहां PM आवास के मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच बहस होने की संभावना है।

PM आवास को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठाती रही है। वहीं, प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद भाजपा सरकार ने 18 लाख PM आवास बनाने का ऐलान किया था। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सरकार पर लगातार आरोप लगाते रहे हैं।

विजय शर्मा ने दी थी बहस की चुनौती

पिछले दिनों उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भूपेश बघेल को PM आवास के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी थी। उन्होंने कहा था कि PM आवास को लेकर वे भूपेश बघेल से कहीं भी चर्चा करने के लिए तैयार हैं।विजय शर्मा ने बहस का विषय और मंच तय करने की जिम्मेदारी प्रेस क्लब पर छोड़ते हुए कहा था कि प्रेस क्लब जब कहेगा, वे बहस के लिए तैयार रहेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए बार-बार PM आवास का मुद्दा उठाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया था कि प्रदेश में सवा 11 लाख PM आवास पूरे हो चुके हैं, जबकि हाल ही में 2 लाख PM आवासों में गृहप्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

भूपेश बघेल ने स्वीकार की चुनौती: विजय शर्मा की चुनौती को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वीकार कर लिया। भूपेश बघेल ने कहा कि 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में PM आवास के मुद्दे पर बहस के लिए वे तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे ही नहीं, बल्कि सभी कांग्रेसी बहस के लिए तैयार हैं।

अब दोनों नेताओं के प्रेस क्लब पहुंचने के साथ ही PM आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में छिड़ी यह बहस आज सीधे आमने-सामने होने वाली है। इस दौरान दोनों पक्ष अपने-अपने आंकड़ों और दावों के साथ एक-दूसरे पर निशाना साध सकते हैं।

प्रेस क्लब में पुलिस बल तैनात

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच PM आवास के मुद्दे पर होने वाली बहस को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रेस क्लब परिसर में पुख्ता पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों नेताओं के आमने-सामने आने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रेस क्लब के आसपास भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search