CM साय ने महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी कर दुर्ग जिले को दी 218 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात, रिसाली में मिशन क्लीन सिटी लागू करने की घोषणा

दुर्ग। महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की महिलाओं को 32वीं किस्त की राशि जारी कर दी गई है। दुर्ग के रविशंकर स्टेडियम में आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 67 लाख 38 हजार 217 पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की।

32वीं किस्त के भुगतान के साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत अब तक हितग्राहियों को 20,708.11 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हो रहा है और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
दुर्ग जिले को 218 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले में करीब 218 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें दुर्ग मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल का भूमिपूजन, जामगांव और पाटन अति उच्चदाब ट्रांसमिशन लाइन सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को चेक और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
रिसाली में मिशन क्लीन सिटी लागू करने की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने दुर्ग जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने रिसाली में मिशन क्लीन सिटी लागू करने की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम उमरपोटी में 33/11 केवी सब-स्टेशन बनाने तथा में धनोरा नया विद्युत वितरण केंद्र खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर सरकार का जोर -CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देने की दिशा में काम कर रही है। मंत्रालय में फाइलों का संचालन ई-ऑफिस और डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। इससे भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण और शासकीय कार्यों में तेजी आई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न सेवाओं और शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है और 8 हजार से अधिक अधिकारी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़े हैं।उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सेवा केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपने काम के लिए पंचायत से बाहर न जाना पड़े।
पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश को मजबूत और समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, तीन तलाक की समाप्ति और राम मंदिर निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाई है और भारत की वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रधानमंत्री की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है और प्रदेश में सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।




