छत्तीसगढ़

जशपुर को आवास और परिवहन की बड़ी सौगात, ₹63 करोड़ से बनेंगी कॉलोनियां और हाईटेक बस स्टैंड

कुनकुरी और जशपुर में 225 आवासों का होगा निर्माण, जिला मुख्यालय में ₹11.83 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आवासीय सुविधाओं और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में दो बड़ी पहल की गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जिले में दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। वहीं, जशपुरनगर में यात्रियों की सुविधा के लिए हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के साथ यात्री सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

अटल विहार योजना के तहत कुनकुरी के गिनाबहार और जशपुर के बालाछापर में कुल 51.48 करोड़ रुपये की लागत से 225 आवास बनाए जाएंगे। दूसरी ओर, जशपुरनगर में 11.83 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक बस टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इस तरह दोनों आवासीय परियोजनाओं और बस स्टैंड की कुल प्रस्तावित लागत लगभग 63.32 करोड़ रुपये है।

कुनकुरी और जशपुर में बनेंगी दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा अटल विहार योजना के अंतर्गत लगभग 14 एकड़ भूमि पर दो आवासीय परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में 17.15 करोड़ रुपये की लागत से 97 आवास बनाए जाएंगे। इनमें से 91 आवास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए निर्धारित हैं।

वहीं, जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में 34.32 करोड़ रुपये की लागत से 128 आवासों के साथ व्यावसायिक दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है। यहां उच्च आय वर्ग के 11, मध्यम आय वर्ग के 20, जूनियर मध्यम आय वर्ग के 4, निम्न आय वर्ग के 55 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 38 आवास बनाए जाएंगे।दोनों कॉलोनियों में सड़क, जल निकासी, हरित क्षेत्र और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। बालाछापर में सामुदायिक भवन, गार्डन, बच्चों के खेलने का स्थान, बॉक्स क्रिकेट और व्यावसायिक दुकानों जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

EWS को ₹80 हजार और LIG को ₹40 हजार का अनुदान:अटल विहार योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास खरीदने में आर्थिक सहायता भी मिलेगी। योजना के अनुसार, पात्र EWS हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और LIG हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। इससे सीमित आय वाले परिवारों को अपना घर खरीदने में राहत मिलने की उम्मीद है।कुनकुरी के गिनाबहार में प्रस्तावित कॉलोनी राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर होगी। वहीं, बालाछापर की परियोजना रायगढ़ रोड स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से करीब 200 मीटर दूर विकसित की जाएगी।

जशपुरनगर में ₹11.83 करोड़ से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड

आवासीय परियोजनाओं के साथ जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार की भी तैयारी है। जिला मुख्यालय जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार परिसर में लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में हाईटेक बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसके लिए 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है और फिलहाल टेंडर प्रक्रिया जारी है।

प्रस्तावित बस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। यहां आधुनिक प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और डिजिटल सूचना स्क्रीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

रोजाना 5 हजार से अधिक यात्रियों को मिलेगा लाभ

जशपुरनगर बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और पांच हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। यहां से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए भी बस सेवाएं संचालित होती हैं।हाईटेक बस स्टैंड बनने से बसों के ठहराव और संचालन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और शासकीय कार्यों के लिए जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को बेहतर यात्री सुविधाएं मिल सकेंगी।

कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड की योजना

जशपुरनगर के अलावा कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति दी गई है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना और यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

महुआटोली, कडोरा और मदनपुर में भी आवासीय योजनाओं का विस्तार:जशपुर जिले में आवासीय सुविधाओं को बढ़ाने के लिए महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम मदनपुर में भी योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मदनपुर की आवासीय योजना में बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू हुई है और प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से जिले में आवास तथा परिवहन अधोसंरचना के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जशपुर जिले में किफायती आवास, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थित विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search