
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से करीब 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। बताया जा रहा है कि नोटों के बंडल वाहन में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने मामले में वाहन चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। नकदी के संबंध में आयकर विभाग को भी सूचना दी गई है।
अभनपुर से उत्तर प्रदेश ले जाने की मिली थी सूचना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर जिले के अभनपुर से बड़ी मात्रा में नकदी पिकअप वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही है। रकम को नागपुर के रास्ते ले जाने की जानकारी भी सामने आई थी। इसके बाद दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
चरोदा के पास पकड़ा गया वाहन
पुलिस टीम ने टोल प्लाजा के आसपास निगरानी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई देने पर उसका पीछा किया गया। इसी बीच एक व्यक्ति वाहन से उतरकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा जारी रखा और चरोदा के पास पिकअप को रोक लिया।
वाहन की तलाशी के दौरान सामान्य हिस्सों में नकदी नहीं मिली। इसके बाद गहन जांच करने पर वाहन में बनाए गए गुप्त चेंबर से नोटों के बंडल बरामद हुए। पुलिस ने नकदी की गिनती मशीन से कराई, जिसमें शुरुआती जानकारी के मुताबिक कुल रकम करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है।
नकदी का स्रोत और हवाला कनेक्शन जांच के दायरे में
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी किसकी है, इसे कहां से लाया गया था और उत्तर प्रदेश में किसे सौंपा जाना था। इतनी बड़ी रकम को गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाने के कारण हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हवाला कनेक्शन की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी गई है। अब नकदी के स्रोत, परिवहन से जुड़े लोगों और संभावित वित्तीय लेन-देन की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




