छत्तीसगढ़

SIR पर कांग्रेस की महारैली के जवाब में BJP का शक्ति प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ में 6 केंद्रीय मंत्रियों के सहारे सियासी घेराबंदी

रायपुर। SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली करने जा रही है। कांग्रेस के इस शक्ति प्रदर्शन के जवाब में भाजपा ने भी देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए राजनीतिक मोर्चा खोल दिया है। इस अभियान के तहत विभिन्न राज्यों में सभाएं और पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा ने कांग्रेस को जवाब देने के लिए अपने केंद्रीय नेतृत्व को मैदान में उतार दिया है। खास बात यह है कि राज्योत्सव और भाजपा के राजनीतिक अभियान के बीच छह केंद्रीय मंत्रियों की सक्रियता को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

दुर्ग में आज जेपी नड्डा की पदयात्रा और सभा

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के पूर्व रास्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। वे दुर्ग में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर पदयात्रा करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने और अपने राजनीतिक पक्ष को जनता के सामने रखने की तैयारी में है।

शिवराज सिंह चौहान कल रायपुर में करेंगे पदयात्रा

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंच रहे हैं। वे शनिवार को राजधानी रायपुर में पदयात्रा में शामिल होंगे। भाजपा के अभियान को मजबूती देने के साथ ही उनका दौरा प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता को बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

वीरेंद्र कुमार ने कांग्रेस पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार भी रायपुर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस देशभर में अस्थिरता और अराजकता का माहौल बना रही है। भाजपा के केंद्रीय नेताओं के लगातार दौरों के बीच कांग्रेस के खिलाफ पार्टी का आक्रामक रुख साफ दिखाई दे रहा है। खटीक 30 और 31 अक्टूबर को रायपुर और बिलासपुर दौरे पर रहेंगे।

राज्योत्सव में मनसुख मांडविया और अमित शाह की मौजूदगी

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव भी भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से अहम रहने वाला है। एक नवंबर को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। वहीं, तीन नवंबर को समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। ऐसे में राज्योत्सव के मंच से भी राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भाजपा का रुख सामने आने की संभावना है। हालांकि, अमित शाह के कांग्रेस की महारैली पर सीधे तौर पर टिप्पणी करने को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार रहेगा।

केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी 3 नवंबर को आयेंगे

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी 3 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे NIT के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री एक समीक्षा बैठक में भी हिस्सा लेंगे। उनके दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

छह केंद्रीय मंत्रियों के जरिए कांग्रेस को घेरने की तैयारी

एक ओर कांग्रेस एक नवंबर को दिल्ली में SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर महारैली की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस के खिलाफ अपना पक्ष मजबूत करने में जुटी है। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों ने इस राजनीतिक टकराव को और दिलचस्प बना दिया है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों दलों के अभियान को जनता के बीच कितना समर्थन मिलता है और उनके नेता एक-दूसरे के आरोपों का किस तरह जवाब देते हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search