
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को CGMSC और कोल मामले से जुड़ी जांच के बीच EOW-ACB और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई की खबर सामने आई है। रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव समेत कई जिलों में अलग-अलग ठिकानों पर जांच की कार्रवाई किए जाने की जानकारी मिली है।
राजधानी रायपुर के बैरन बाजार स्थित अनवर ढेबर के घर पर भी जांच एजेंसियों की टीम पहुंची। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रायपुर में तीन से चार स्थानों पर ED की दबिश की सूचना है। वहीं, EOW-ACB की टीम भी कई ठिकानों पर एक साथ जांच कर रही है।
राजनांदगांव में कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी
राजनांदगांव में EOW-ACB ने कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी है। मिली जानकारी के अनुसार, व्यवसायी वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर जांच की कार्रवाई की जा रही है।
वैभव गोलछा का नाम रेत खनन कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि जय बग्गा होटल, ट्रैक्टर और ई-व्हीकल शोरूम के कारोबार से जुड़े हैं। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7:15 बजे वैभव गोलछा के ठिकाने पर 10 सदस्यीय टीम पहुंची थी।
जांच के दौरान दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, कार्रवाई से जुड़े विस्तृत आधिकारिक विवरण और जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।
कई जिलों में एक साथ कार्रवाई से हलचल
रायपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव सहित कई स्थानों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई से प्रदेश में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, अलग-अलग मामलों में चल रही इन कार्रवाइयों के बीच सभी ठिकानों और जांच के विषयों का आधिकारिक संबंध अभी स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियों की ओर से विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही कार्रवाई की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।




