छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का तोहफा, DA-DR में 2% की बढ़ोतरी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने दीपावली से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता और महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी। नई दरें 1 नवंबर 2026 से लागू होंगी।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के करीब 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारियों और 1 लाख 50 हजार पेंशनरों को लाभ मिलेगा। यानी कुल 5.35 लाख कर्मचारी और पेंशनर इस निर्णय से लाभान्वित होंगे।
राज्य सरकार पर कितना बढ़ेगा वित्तीय भार?
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में वृद्धि से राज्य सरकार पर करीब 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। वहीं, सालाना आधार पर सरकार को लगभग 432 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों में त्योहार की खुशियां और उल्लास बढ़ेगा।




