
बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर मैनपाट टाइटन्स ने बनाई जगह, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से दी शिकस्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स का सामना संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा। शनिवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से शिकस्त दी।
मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को दी मात
दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैनपाट टाइटन्स की ओर से संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। मजबूत डिफेंस के कारण खिलाड़ियों को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं मिले।
मैच में मैनपाट टाइटन्स ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। प्रिंस भगत ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपना दूसरा गोल करते हुए टीम की बढ़त 3-0 कर दी। मुकाबले के अंतिम क्षणों में बैलाडीला बुल्स के अंकित कुजूर ने गोल किया, लेकिन टीम हार नहीं टाल सकी। मैनपाट टाइटन्स ने 3-1 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने पलटा मुकाबला
दिन के पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। शुरुआत में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने फ्लिक के जरिए गोल किया, लेकिन न्यायधानी नाइट्स ने वापसी करते हुए स्कोर 2-1 कर दिया।
इसके बाद मुकाबले में गोलों की झड़ी लग गई। स्ट्राइकर्स के आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर लीग में अपना 13वां गोल पूरा किया। अरबाज अली ने भी गोल दागकर टीम के लिए योगदान दिया। तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने लगातार गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
अंतिम क्वार्टर में आर्यन ज़ेस ने स्ट्राइकर्स के लिए पांचवां गोल किया। इसके बाद ओम कुमार यादव और निशांत तिर्की के गोलों की मदद से टीम ने मुकाबला 6-3 से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने फाइनल में जगह पक्की कर ली।
सेमीफाइनल देखने पहुंचे खेल और उद्योग जगत के दिग्गज
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों को देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, विधायक अनुज शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया, ‘हरिभूमि’ के संपादक हिमांशु द्विवेदी सहित खेल, उद्योग और पर्यटन जगत से जुड़े कई अधिकारी मौजूद रहे।
अब छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के खिताब के लिए मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबला होगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज करने के बाद खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।




