महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर आज पहुंचेगा रायपुर, कोर्ट में होगी पेशी; CBI को मिली दो दिन की ट्रांजिट रिमांड

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। ऐप के प्रमोटर और कथित फाउंडर सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर लाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, उसे शाम करीब 4 बजे तक रायपुर पहुंचाया जा सकता है। इसके बाद देर शाम रायपुर की विशेष अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है।
बता दें कि सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उसे रायपुर ले जाने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी है। अब CBI उसे रायपुर लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।
भिलाई की जूस दुकान से शुरू हुआ था सफर
सौरभ चंद्राकर मूल रूप से छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला है। बताया जाता है कि वह पहले भिलाई में ‘जूस फैक्ट्री’ नाम से दुकान चलाता था। साल 2017 में उसने ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार में कदम रखा। इसके बाद वर्ष 2019 में दुबई पहुंचकर इस नेटवर्क का विस्तार किया।
सौरभ चंद्राकर ने कथित तौर पर रवि उप्पल के साथ मिलकर महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप का नेटवर्क खड़ा किया। देखते ही देखते यह नेटवर्क देश के बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल हो गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध सट्टेबाजी का कारोबार संचालित किया गया। वर्ष 2021 के आईपीएल के दौरान 2,000 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टे के कारोबार का आरोप भी सामने आया था।
ED अब तक जब्त कर चुकी है 4,336 करोड़ की संपत्ति
महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) लगातार कार्रवाई कर रहा है। जांच एजेंसी अब तक इस मामले में करीब 4,336 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। सौरभ चंद्राकर पर करीब 5,000 करोड़ रुपये के ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क से जुड़े होने के आरोप हैं।
इस मामले में देश के कई राज्यों में जांच और कार्रवाई हुई है। वित्तीय लेनदेन, हवाला नेटवर्क और कथित अवैध कमाई से जुड़ी गतिविधियां भी जांच के दायरे में हैं।
दुबई में 200 करोड़ की शादी
सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शादी भी काफी चर्चा में रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस शादी में करीब 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। शादी में बॉलीवुड की कई हस्तियों के शामिल होने की खबरें सामने आई थीं।
बताया गया था कि शादी में शामिल होने के लिए रिश्तेदारों को भारत से दुबई ले जाने के लिए निजी विमानों की व्यवस्था की गई थी। इस भव्य आयोजन के बाद महादेव ऐप का मामला देशभर में सुर्खियों में आ गया था।
रवि उप्पल की तलाश अब भी जारी
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप नेटवर्क के दूसरे प्रमुख नाम रवि उप्पल की तलाश भी भारतीय जांच एजेंसियां कर रही हैं। रवि उप्पल को इस नेटवर्क का सह-संस्थापक और सौरभ चंद्राकर का कथित सहयोगी बताया जाता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, UAE में उसके खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल उसकी मौजूदा लोकेशन की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अब रायपुर में पूछताछ से खुल सकते हैं कई राज
सौरभ चंद्राकर को रायपुर लाए जाने के बाद इस मामले में जांच का दायरा और आगे बढ़ सकता है। CBI की पूछताछ में कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन, अन्य सहयोगियों और कारोबार से जुड़े अहम पहलुओं पर जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में अब सबकी नजरें रायपुर कोर्ट में होने वाली पेशी और आगे की जांच पर टिकी हैं।




