
रायपुर। बिलासपुर पुलिस ने कथित न्यूज पोर्टल ‘द हनी बैजर न्यूज़’ के संचालक दीपक टंडन उर्फ आंबेडकर टंडन को रायपुर से गिरफ्तार किया है। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ब्लैकमेलिंग, उगाही और डिजिटल सामग्री के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, महाराणा प्रताप नगर निवासी मणिशंकर पांडे ने इस संबंध में पुलिस से लिखित शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक टंडन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
गौरतलब है कि दीपक टंडन वही व्यक्ति है, जिसने डीएसपी कल्पना वर्मा पर उगाही के आरोप लगाए थे। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद ब्लैकमेलिंग और कथित उगाही से जुड़े मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।



