पटवारी हड़ताल पर सरकार का बड़ा एक्शन, 107 निलंबित; 3931 को नोटिस जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है। अब तक 107 पटवारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि 1007 पटवारियों के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई की गई है।
सरकार की कार्रवाई का दायरा यहीं तक सीमित नहीं है। 31 पटवारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, वहीं 3931 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा 95 पटवारियों का तबादला भी किया गया है।
बस्तर – सरगुजा में सबसे ज्यादा निलंबन
जिलावार कार्रवाई के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा निलंबन बस्तर जिले में हुआ है। यहां 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। वहीं सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 14-14 पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
पटवारियों की हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने हड़ताल पर सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
सरकार की इस कार्रवाई के बाद पटवारी हड़ताल और तेज होने की संभावना के बीच प्रदेश में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। अब इस पूरे मामले में पटवारी संगठन की अगली रणनीति पर नजर रहेगी।
मुख्य आंकड़े एक नजर में
- निलंबित 107
- ब्रेक इन सर्विस 1007
- विभागीय जांच 31
- नोटिस जारी 3931
- तबादला 95



