छत्तीसगढ़ में विदेशी शराब हुई सस्ती, इम्पोर्ट टैक्स में कटौती से इतनी घट गई कीमतें

रायपुर। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर अब छत्तीसगढ़ में विदेशी शराब की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है। स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर 75 प्रतिशत किए जाने के बाद प्रदेश में 33 प्रीमियम विदेशी शराब ब्रांडों की नई दरें जारी की गई हैं। नई कीमतों के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में करीब 5 हजार रुपये की कमी आई है।
छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए विदेश से सीधे बोतलबंद होकर आने वाले 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई दरों को प्रशासनिक मंजूरी दी है। इस सूची में जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे चर्चित ब्रांड शामिल हैं।
जॉनी वॉकर 18 ईयर के केस पर करीब 5 हजार रुपये की कमी
नई दरों के मुताबिक, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की लैंडिंग कीमत 42,480 रुपये निर्धारित की गई है। कीमत में आई कमी से शराब कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं जॉनी वॉकर ब्लू लेबल के एक केस की कीमत 92,939 रुपये और रॉयल सैल्यूट 21 ईयर की लैंडिंग कीमत 64,079 रुपये तय की गई है। सिंगलटन 12 ईयर के एक केस पर भी 2,817 रुपये तक की कमी दर्ज की गई है।
भारत-ब्रिटेन ट्रेड डील का असर
भारत और ब्रिटेन के बीच लंबे समय तक चली बातचीत के बाद मुक्त व्यापार समझौते पर पिछले वर्ष लंदन में हस्ताक्षर हुए थे। यह समझौता 15 जुलाई से लागू हुआ। इसके तहत वस्त्र, ऑटोमोबाइल, व्हिस्की, टेक्नोलॉजी और फार्मा जैसे क्षेत्रों में आयात-निर्यात शुल्क में बदलाव किया गया है।
विदेशी शराब पर आयात शुल्क में कमी का लाभ अब छत्तीसगढ़ के शराब कारोबार में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि, सरकारी शराब दुकानों पर ग्राहकों को कितनी कम कीमत पर शराब मिलेगी, यह राज्य सरकार की खुदरा मूल्य निर्धारण व्यवस्था पर निर्भर करेगा।




