NMDC वेस्ट माइनिंग विवाद: किरंदुल परियोजना के GM सुधांशु वर्मा निलंबित, कार्रवाई से मचा हड़कंप

जगदलपुर/किरंदुल। NMDC की किरंदुल परियोजना में वेस्ट माइनिंग और उससे जुड़े पर्यावरणीय नुकसान को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई की है। किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ जनरल मैनेजर (HR) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 24 नवंबर 2026 को जारी निलंबन आदेश के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
वेस्ट माइनिंग को लेकर प्रभावित ग्रामीणों की नाराजगी, राजनीतिक विरोध और पर्यावरणीय नुकसान के आरोपों के बीच NMDC के वरिष्ठ अधिकारी पर हुई कार्रवाई ने प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, निलंबन आदेश में कार्रवाई के विस्तृत कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।
ग्रामीणों के विरोध और कांग्रेस की जांच से बढ़ा विवाद
दरअसल, किरंदुल में वेस्ट माइनिंग से जुड़े घटनाक्रम के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने खनन गतिविधियों और उनके प्रभावों को लेकर चिंता जताई थी। जंगल, पर्यावरण और स्थानीय आबादी पर पड़ने वाले असर को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे।
मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप भी बढ़ा। कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने किरंदुल पहुंचकर वेस्ट माइनिंग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया था। जांच दल ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए NMDC की कार्यप्रणाली और प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान को लेकर सवाल उठाए थे।
24 नवंबर को जारी हुआ निलंबन आदेश
NMDC लिमिटेड के हैदराबाद स्थित निदेशालय से 24 नवंबर 2026 की देर शाम जारी आदेश में सुधांशु वर्मा, जनरल मैनेजर (HR), BIOM किरंदुल कॉम्प्लेक्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
आदेश में NMDC Employees Conduct, Discipline and Appeal Rules, 1978 के नियम 20 का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित होने की बात कही गई है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय किरंदुल कॉम्प्लेक्स निर्धारित किया गया है। साथ ही कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है।
निलंबन से आगे भी उठ रहे सवाल
NMDC के वरिष्ठ अधिकारी के निलंबन के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कार्रवाई केवल एक अधिकारी तक सीमित रहेगी या वेस्ट माइनिंग से प्रभावित ग्रामीणों, जंगलों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भी निष्पक्ष जांच होगी?
प्रभावित क्षेत्र के लोगों को नुकसान की भरपाई और राहत कब मिलेगी, यह भी महत्वपूर्ण सवाल बना हुआ है। अब पूरे मामले में NMDC प्रबंधन की आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर नजर रहेगी।




