छत्तीसगढ़ में नौतपा कल से शुरू, सूरज बरसा रहा आग, रायपुर समेत कई जिलों में पारा 46 डिग्री तक पहुंचने की आशंका, हीटवेव का अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का सबसे तपता दौर माने जाने वाला नौतपा 25 मई 2026 से शुरू हो रहा है। हालांकि नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजधानी Raipur समेत कई जिलों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है और लोग तेज गर्म हवाओं तथा हीटवेव की चपेट में हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और धमतरी सहित कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक हालात सबसे ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। गर्म हवाओं और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्योतिषीय और वैज्ञानिक गणना के अनुसार 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा। सोमवार को सूर्य देव रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, जिसके बाद अगले 9 दिनों तक सूर्य की सीधी किरणों का प्रभाव अधिक रहेगा और तापमान चरम पर पहुंच सकता है। पारंपरिक मान्यता के अनुसार नौतपा के दौरान जितनी अधिक गर्मी पड़ती है, मानसून उतना ही बेहतर माना जाता है।
डॉक्टरों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच अत्यंत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए लगातार पानी, नींबू पानी, ओआरएस घोल, आम पन्ना और मटके का पानी पीने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा है कि बाहर निकलते समय चेहरे को सूती कपड़े या स्कार्फ से ढकें, छाते का उपयोग करें और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि लू का असर इन पर अधिक पड़ सकता है।




