राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल, एम्स में भर्ती

रायपुर-खरोरा मार्ग पर हादसे का शिकार हुई सांसद की गाड़ी, हाथ में फ्रैक्चर; ड्राइवर को भी चोटें
रायपुर। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गई हैं। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। सांसद बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रही थीं, तभी रायपुर-खरोरा मार्ग पर उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर-खरोरा मार्ग पर पहले एक कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हुई थी। इस घटना के कुछ देर बाद राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी हादसे का शिकार हो गई।
दुर्घटना में सांसद लक्ष्मी वर्मा के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। वहीं उनके ड्राइवर के सीने और हाथ में चोटें आई हैं। सांसद की गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे।
हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सांसद लक्ष्मी वर्मा को एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल हादसे के कारणों और सांसद की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



