दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, कल होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, अरुण साव बोले- सभी 17 निकायों में BJP की तैयारी, दोहराएंगे पिछला परिणाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव की तारीखों का जल्द ऐलान हो सकता है। इस बीच प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने निकाय चुनाव दिसंबर महीने में होने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग अपनी तैयारियां कर रहा है और कल अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। प्रदेश के सभी 17 नगरीय निकायों में पार्टी की तैयारी है। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार नगरीय निकाय चुनाव में जो परिणाम आया था, उसे इस बार भी दोहराया जाएगा।
अरुण साव ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश सरकार ने शहरों के विकास के लिए कई काम किए हैं। शहरों की जनता सरकार के कामों को देखते हुए बीजेपी को अपना आशीर्वाद देगी।
कांग्रेस की गुटबाजी पर साधा निशाना
कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर भी डिप्टी सीएम अरुण साव ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हालात खराब हैं। प्रदेश प्रभारी की बैठक में जिला अध्यक्ष शामिल नहीं हो रहे हैं और अनुपस्थित रहने वाले जिला अध्यक्षों को नोटिस जारी करना पड़ रहा है। इससे कांग्रेस की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर तंज कसते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस हारे-पीटे लोगों की पार्टी बन गई है। उनके सबसे बड़े नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव हारने के बावजूद नेता बने हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष भी अब तक अपनी कार्यकारिणी नहीं बना पाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाप्ति की ओर बढ़ रही है।
शराब घोटाले में गिरफ्तारी पर क्या बोले साव?
शराब घोटाले में विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ को लूटा गया और षड्यंत्रपूर्वक भ्रष्टाचार के नए तरीके इजाद किए गए। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिसीमन बिल और महिला आरक्षण पर विपक्ष को घेरा
परिसीमन बिल को लेकर अरुण साव ने कहा कि लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का बिल पास हो चुका है। कानून को जल्द लागू करने के लिए संविधान में संशोधन की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली बार कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिला विरोधी चेहरा दिखाया था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता है कि महिलाओं को उनका सम्मान और अधिकार मिले। विपक्ष बिना बिल देखे और उसके प्रावधानों को समझे विरोध कर रहा है। ऐसा करके विपक्ष खुद एक्सपोज हो रहा है और आत्मघाती कदम उठा रहा है।



