छत्तीसगढ़

भिलाई को 154 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम की घोषणा; 3 हजार निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन, दो सड़कों के लिए 27 करोड़ मंजूर करने की घोषणा

भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को इस्पात नगरी भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भिलाई नगर के विकास के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों सहित ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री ने कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। दोनों सड़क परियोजनाओं के लिए कुल 27 करोड़ रुपये की घोषणा की गई है।

बीएसपी टाउनशिप के हजारों परिवारों को राहत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बातचीत की गई। इसके बाद मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम कर 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।

तीन वर्षों में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने सरकार के तीन वर्षों के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।

महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। रामलला दर्शन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि इस्पात राज्यमंत्री का दायित्व मिलने के बाद क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न घटनाओं के दौरान लोगों के साथ संवाद एवं सहयोग बना रहा।

निवेशकों को लौटाई गई चिटफंड की राशि

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर राशि हस्तांतरित की। इस दौरान 3 हजार निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये अंतरित किए गए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत योजना के 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं सात श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। मत्स्य विभाग की योजनाओं के तहत आईस बॉक्स, नाव-जाल और 10 हितग्राहियों को पट्टे वितरित किए गए।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search