SECL के 42वें स्थापना दिवस का शानदार आगाज, 170 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित हुए अधिकारी-कर्मचारी

सीएमडी हरीश दुहन बोले- टीम एसईसीएल में हर लक्ष्य हासिल करने का माद्दा, 25 नवंबर को मुख्य समारोह और पलाश सेन की प्रस्तुति
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में शानदार आगाज हुआ। समारोह के पहले दिन प्रख्यात प्रेरक वक्ता आनंद मुंशी का प्रेरक सत्र मुख्य आकर्षण रहा। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कार प्रदान किए गए।
नवाचार और निरंतर प्रयास से मिलेगी सफलता
प्रेरक सत्र में आनंद मुंशी ने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि दौड़ शुरू करना आसान है, लेकिन उसे पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है। उन्होंने कर्मचारियों से रोजमर्रा के काम में कुछ नया आजमाने और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के तरीके तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारी अपने काम में सुधार की पहल करते हैं और विचारों को अमल में लाते हैं, तो उनका प्रयास पूरे संगठन को आगे बढ़ाता है।
देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला कर्मियों की अहम भूमिका
समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि जिस प्रकार एक सैनिक सीमा पर राष्ट्र की सुरक्षा का दायित्व निभाता है, उसी प्रकार देश की ऊर्जा सुरक्षा में योगदान देना कोयला कर्मियों का राष्ट्रीय दायित्व है।उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों को इसी भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की बिजली जरूरतों के लिए आवश्यक कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित करने में योगदान देना चाहिए।
सीएमडी ने टीम एसईसीएल पर विश्वास जताते हुए कहा कि यदि सभी कर्मचारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करें, तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य हासिल कर सकती है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की।
भूमिगत और खुली खदानों में उत्कृष्ट प्रदर्शन
पुरस्कार समारोह में विशेष अभियान-6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए।
भूमिगत खदानों की श्रेणी में सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान ने प्रथम, बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान ने द्वितीय और सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा तथा जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
खुली खदानों की श्रेणी में भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान प्रथम, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान द्वितीय और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तृतीय रही।




