दीवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों को सौगात, 78 दिन के वेतन के बराबर मिलेगा बोनस

दिल्ली – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रेलवे कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी गई है। कैबिनेट ने 10 लाख 91 हजार 146 रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के उत्पादकता से जुड़े बोनस (PLB) का भुगतान करने की मंजूरी दी है। इसके तहत कुल 1865 करोड़ 68 लाख रुपये का वितरण होगा।
सरकार ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों के बेहतर कार्य प्रदर्शन को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हर साल की तरह इस बार भी दुर्गा पूजा और दशहरा से पहले कर्मचारियों को बोनस का भुगतान किया जाएगा।
कितनी मिलेगी राशि?
प्रत्येक पात्र रेलवे कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये बोनस मिलेगा। यह ट्रैक मेंटेनर,लोको पायलट ट्रेन मैनेजर (गार्ड)स्टेशन, मास्टर सुपरवाइजर,तकनीशियन और तकनीशियन हेल्पर पॉइंट्स मैन,मंत्रालयिक कर्मचारी अन्य एवं ग्रुप-सी कर्मचारी इससे लाभान्वित होंगे।
रेलवे का रिकॉर्ड प्रदर्शन : वित्तीय वर्ष 2024-25 में भारतीय रेलवे ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की है। रेलवे ने 1614.90 मिलियन टन माल ढुलाई की और लगभग 7.3 बिलियन यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुँचाया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते बोनस को प्रोत्साहन और मान्यता के रूप में दिया जा रहा है।
त्योहारी सीजन से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए यह बोनस एक बड़ी राहत साबित होगा। दशहरा और दीवाली से पहले मिलने वाली यह सौगात न सिर्फ कर्मचारियों को आर्थिक सहारा देगी बल्कि उत्सवों की रौनक भी बढ़ाएगी।




