छत्तीसगढ़राजनीति

BJP PRESS CONFERENCE: नकटी मामले पर मंत्री केदार कश्यप का कांग्रेस पर पलटवार, बोले- झूठ और भ्रम फैलाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश

रायपुर। नकटी ग्राम प्रकरण को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार की छवि खराब करने के लिए झूठ और भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नकटी मामले में कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोप पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं।

केदार कश्यप ने कहा कि जिस भूमि को लेकर कांग्रेस आज राजनीति कर रही है, उसके आबंटन की प्रक्रिया तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 1 सितंबर 2020 से शुरू हुई थी। राजस्व अभिलेखों में यह स्पष्ट रूप से दर्ज है कि उक्त भूमि हाउसिंग बोर्ड को आबंटित किए जाने के लिए चिन्हित की गई थी। इसके बाद वहां लगातार अवैध कब्जे बढ़ते गए और करीब 3 हेक्टेयर से बढ़कर लगभग 15 हेक्टेयर तक अतिक्रमण फैल गया।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कब्जाधारियों के साथ चर्चा कर पुनर्वास और व्यवस्थापन के प्रयास किए। कार्रवाई के दौरान भी प्रशासन ने संवेदनशीलता बरती और प्रभावित परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया।

मंत्री कश्यप ने कांग्रेस के इस आरोप को भी खारिज किया कि नकटी गांव को पूरी तरह उजाड़ दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव के 17 वार्डों में से केवल एक वार्ड में, जहां सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा था, वहीं प्रशासनिक कार्रवाई की गई। पूरे गांव को उजाड़े जाने का प्रचार पूरी तरह भ्रामक है और लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस प्रशासनिक कार्रवाई को राजनीतिक मुद्दा बनाकर जन आंदोलन का स्वरूप देने की कोशिश की। प्रभावित लोगों को भड़काने, धरना-प्रदर्शन कराने और सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया गया, लेकिन जनता ने कांग्रेस के इस अभियान का समर्थन नहीं किया।

केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल की कार्रवाई भी याद करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भूपेश बघेल सरकार के समय ग्राम सेरीखेड़ी में लगभग 150 परिवारों को बलपूर्वक हटाया गया था, जहां न तो पुनर्वास की व्यवस्था की गई और न ही वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराया गया। इसके विपरीत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रभावित परिवारों को नया रायपुर में आवास उपलब्ध कराया, मकानों की चाबियां सौंपीं और सम्मानपूर्वक उन्हें नए आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है कि किसी भी गरीब, किसान या जरूरतमंद के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस उन्हीं लोगों को भड़काने का प्रयास कर रही है, जिनके लिए सरकार ने आवास की व्यवस्था की है।

विधायक कॉलोनी बनाए जाने के कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री कश्यप ने कहा कि यह दावा भी पूरी तरह निराधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि के उपयोग को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। वर्तमान में भूमि राजस्व विभाग के अधीन है और भविष्य में उसका उपयोग हाउसिंग बोर्ड तथा संबंधित विभाग नियमानुसार तय करेंगे।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 से 2022 के बीच इस पूरी प्रक्रिया के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमतियां और एनओसी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही दी गई थीं। उसी दौरान अतिक्रमण भी लगातार बढ़ता गया। आज कांग्रेस उन्हीं तथ्यों को छिपाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनता के हितों से जुड़ा कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह झूठ, भ्रम और उकसावे की राजनीति कर रही है। प्रदेश की जनता ऐसे प्रयासों को पहले भी नकार चुकी है और आगे भी स्वीकार नहीं करेगी।प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास भी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search