BREAKING NEWS: बस्तर में नक्सलवाद को बड़ा झटका, सुकमा–बीजापुर में 51 नक्सलियों का सरेंडर

सुकमा/बीजापुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर प्रवास से पहले नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा और बीजापुर जिलों में कुल 51 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिन पर कुल 1 करोड़ 61 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सुकमा में 21 नक्सलियों का आत्मसमर्पण
सुकमा जिले में 21 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर 76 लाख रुपये का इनाम घोषित था।नक्सलियों ने SLR, AK-47, BGL लॉन्चर सहित अन्य ऑटोमेटिक हथियारों के साथ सरेंडर किया है। सभी नक्सली कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहे हैं। यह आत्मसमर्पण बस्तर आईजी पी. सुंदरराज, सुकमा एसपी किरण चव्हाण तथा सीआरपीएफ डीआईजी आनंद सिंह राजपुरोहित के समक्ष किया गया।
बीजापुर में 30 नक्सलियों ने छोड़ा हिंसा का रास्ता
बीजापुर जिले में 30 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिन पर कुल 85 लाख रुपये का इनाम घोषित था।आत्मसमर्पण करने वालों में 20 महिला और 10 पुरुष नक्सली शामिल हैं। सभी नक्सली साउथ सब जोनल ब्यूरो से जुड़े बताए जा रहे हैं। नक्सलियों ने एसपी और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष सरेंडर किया।
नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी मजबूती
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, लगातार चल रहे सख्त अभियानों, पुनर्वास नीति और दबाव के चलते नक्सली मुख्यधारा में लौट रहे हैं। यह आत्मसमर्पण नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर दौरे से पहले हुई यह कार्रवाई नक्सलवाद के खिलाफ चल रही मुहिम में निर्णायक संकेत के रूप में देखी जा रही है।




