यूपी के कौशांबी में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर हमला, आरक्षक का हाथ टूटा

रायपुर/कौशांबी। छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम पर उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में ग्रामीणों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को चोर समझ लिया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना में छत्तीसगढ़ पुलिस के आरक्षक जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ टूट गया। उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम एक NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टीम कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव में आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों को संदेह हुआ कि कुछ अज्ञात लोग गांव में घूम रहे हैं। गलतफहमी के चलते ग्रामीणों ने पुलिस टीम को चोर समझ लिया और उन पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला। मारपीट में आरक्षक जगदेव प्रसाद को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
बताया जा रहा है कि घायल आरक्षक का उपचार कराया जा रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। वहीं, मामले में स्थानीय पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। घटना ने अंतरराज्यीय पुलिस कार्रवाई के दौरान समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




