क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर बस्तर दौरे पर, 50 खेल मैदानों का किया बड़ा ऐलान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में आज खास हलचल देखने को मिली, जब क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ यहां पहुंचे। वे निजी विमान से जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रशासन ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद सचिन दंतेवाड़ा के छिंदनार गांव पहुंचे, जहां वे ग्रामीण खेल सुविधाओं का जायजा लेने और स्थानीय बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचे हैं।
मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में सचिन तेंदुलकर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनका फाउंडेशन बस्तर क्षेत्र में 50 खेल मैदान तैयार करने में सहयोग करेगा। इस पहल से करीब 5 हजार बच्चों को फायदा मिलेगा। उन्होंने इस पहल को लेकर खुशी जताई और कहा कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिलेगा।
छिंदनार में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और मानदेशी फाउंडेशन द्वारा विकसित नए खेल मैदान का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही वे स्थानीय आदिवासी और प्रतिभाशाली बच्चों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ क्रिकेट खेलने की भी संभावना है। इस परियोजना का उद्देश्य बस्तर के गांवों में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देना है, जिससे बच्चों को कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
इधर, खराब मौसम और अन्य कारणों के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा टल गया है। वे पहले इस कार्यक्रम में सचिन के साथ शामिल होने वाले थे। साथ ही समय की कमी के कारण गीदम के पनेड़ा स्टेडियम और जावंगा ऑडिटोरियम के कार्यक्रम भी रद्द होने की संभावना है। फिलहाल सचिन का मुख्य फोकस छिंदनार के कार्यक्रम पर ही केंद्रित है।




