छत्तीसगढ़

नए शिक्षा सत्र से पहले शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 28 अफसरों के तबादले

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने नए शिक्षा सत्र से पहले राज्य के शिक्षा प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 28 अधिकारियों के तबादले किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ), विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक संचालकों और प्राचार्यों को विभिन्न जिलों एवं कार्यालयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

स्थानांतरण सूची के अनुसार महासमुंद, रायपुर, बिलासपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, बलौदाबाजार-भाटापारा, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी, बेमेतरा, बीजापुर, नारायणपुर और बालोद समेत कई जिलों में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। इसके अलावा लोक शिक्षण संचालनालय और संभागीय कार्यालयों में भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए गए हैं।

जारी आदेश के तहत लोक शिक्षण संचालनालय में पदस्थ प्रभारी उप संचालक बी.एल. देवांगन को महासमुंद का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं रायपुर के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय को लोक शिक्षण संचालनालय में प्रभारी उप संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक संचालक एम.जी. सतीश कुमार को रायपुर का प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। बिलासपुर में विजय कुमार ताण्डे के स्थान पर रमेश्वर जायसवाल को प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है।

विभाग ने कई विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और सहायक संचालकों को जिला स्तर की जिम्मेदारियां देकर प्रशासनिक दायरा बढ़ाया है। वहीं कुछ अधिकारियों को संचालनालय और संयुक्त संचालक कार्यालयों में पदस्थ किया गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह प्रशासनिक पुनर्संरचना विभागीय कार्यों में गति लाने, शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जिलों में प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बदलाव से शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और संचालन अधिक प्रभावी होगा।

नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले हुए इस व्यापक फेरबदल को शिक्षा प्रशासन में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिसका असर राज्य के स्कूलों और शैक्षणिक योजनाओं के संचालन पर देखने को मिल सकता है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search