छत्तीसगढ़

Nepal Disaster: प्राकृतिक आपदा में दिवंगत लोगों को दी श्रद्धांजलि, रायपुर में नेपाली समाज ने जताई गहरी संवेदना

रायपुर। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्री पशुपतिनाथ नेपाली सेवा समिति द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। घड़ी चौक में आयोजित कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं नेपाली समाज के लोगों ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस अवसर पर समिति ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस आपदा में जिन लोगों ने अपने प्राण गंवाए हैं, उनके प्रति पूरा नेपाली समाज गहरी संवेदना व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि दुख और संकट की इस घड़ी में हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं और उनके दुःख में सहभागी हैं।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुई जनहानि अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसी परिस्थितियां हमें मानवीय संवेदना, एकजुटता और परस्पर सहयोग का महत्व याद दिलाती हैं। संकट के समय एक-दूसरे का साथ देना ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है।

समिति ने दिवंगतों के परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और नेपाल में प्रभावित लोगों के जल्द सामान्य जीवन की ओर लौटने की कामना की।

कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सदस्य, समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में नेपाली समाज के लोग उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search