PM Modi 12 Years: मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदला बस्तर का भविष्य : केदार कश्यप

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाओं ने जनजातीय अंचलों में जगाई विकास की नई उम्मीद
दंतेवाड़ा। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। इन वर्षों में जहां देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है, वहीं छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर के जनजातीय क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर उभरकर सामने आई है।
दंतेवाड़ा स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। गरीब परिवारों को आवास, मुफ्त राशन, पेयजल, गैस कनेक्शन, स्वास्थ्य सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़कर विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भर भारत अभियान, वंदे भारत ट्रेनें, एक्सप्रेस-वे, नए एयरपोर्ट और रिकॉर्ड सड़क निर्माण ने देश को नई दिशा दी है। वहीं कोरोना महामारी के दौरान भारत ने दुनिया को नेतृत्व प्रदान करते हुए प्रभावी प्रबंधन का उदाहरण पेश किया।
बस्तर में विकास की नई पहचान
केदार कश्यप ने कहा कि एक समय विकास से वंचित माना जाने वाला बस्तर आज नई पहचान बना रहा है। क्षेत्र में सड़कों का विस्तार, मोबाइल नेटवर्क की पहुंच, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास, जनजातीय युवाओं के लिए नए अवसर और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों से व्यापक बदलाव आया है।उन्होंने बताया कि बस्तर में 500 से अधिक मोबाइल टावरों की स्वीकृति, हजारों परिवारों को प्रधानमंत्री आवास, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बेहतर शिक्षा व्यवस्था और वनोपज संग्राहकों के हित में लिए गए निर्णय विकास के मजबूत संकेत हैं।
जनजातीय प्रतिभाओं को मिल रही पहचान
वन मंत्री ने कहा कि बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक और जनजातीय खेलों जैसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों ने लोगों के मन में विश्वास का वातावरण तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि करोड़ों गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की प्रेरक कहानी हैं।




