छत्तीसगढ़

Eastern Slam 2026: रायपुर में जुटेंगे भारत और एशिया के शीर्ष स्क्वैश खिलाड़ी

सिंगापुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ेगा रोमांच, 49 खिलाड़ियों के साथ मेजबान छत्तीसगढ़ भी तैयार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी करने जा रही है। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन (CSA) द्वारा स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) और एशियन स्क्वैश फेडरेशन (ASF) की मान्यता के तहत प्रतिष्ठित “ईस्टर्न स्लैम 2026” का आयोजन 22 से 27 जून तक स्क्वैश कॉम्प्लेक्स, बुढ़ापारा में किया जाएगा।

यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाएगी। टूर्नामेंट को PSA और WSF Satellite Tournament का दर्जा प्राप्त है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के अलावा पुरुष और महिला वर्ग की स्पर्धाएं भी आयोजित होंगी। जूनियर एवं सीनियर वर्ग को 5-स्टार राष्ट्रीय रैंकिंग प्रदान की जाएगी।

देश-विदेश के दिग्गज खिलाड़ी होंगे आकर्षण का केंद्र

टूर्नामेंट में देश के कई शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं सिंगापुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज़े जुन शी और वीर मल्होत्रा की भागीदारी प्रतियोगिता को विशेष आकर्षण प्रदान करेगी। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा और खेल शैली से रूबरू होने का अवसर देगी।

मेजबान छत्तीसगढ़ की मजबूत चुनौती

मेजबान छत्तीसगढ़ 49 खिलाड़ियों के बड़े दल के साथ प्रतियोगिता में उतर रहा है। राज्य की ओर से अरसलान शेख, रेयांश कुलश्रेष्ठ, अर्चिता बनर्जी, भ्वांजलि मुदलियार और अर्चित सक्सेना जैसे खिलाड़ी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद जगाए हुए हैं। इसके अलावा ईशभ सुराना, सूर्यांश कुमार, अपूर्व साहू और ऋद्धि गुप्ता पर भी सबकी नजरें रहेंगी।

खेल विकास को मिलेगा नया आयाम

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का संचालन SRFI, ASF और WSF के तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा। भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ सिंगापुर और मलेशिया से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों की भागीदारी इस आयोजन को और अधिक प्रतिष्ठित बनाएगी।

ईस्टर्न स्लैम 2026 न केवल छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल को नई दिशा देगा, बल्कि राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का बहुमूल्य अनुभव भी प्रदान करेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search