छत्तीसगढ़ की जनता ने PM मोदी को आशीर्वाद का दीप जलाकर दिया आशीर्वाद, लेकिन कांग्रेसियों के दिल जले : डिप्टी सीएम अरुण साव

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता ने आशीर्वाद के दीप जलाए हैं। राजधानी रायपुर में रिकॉर्ड 25 लाख दीप जलाए गए। यह प्रधानमंत्री जी के प्रति जनता के प्रेम और स्नेह को दर्शाता है। वहीं, कांग्रेस नेता इस स्नेह को पचा नहीं पा रहे हैं। आशीर्वाद के दीप जलने से कांग्रेसियों के दिल जल रहे हैं। इसलिए अनर्गल बयानबाजी पर उतर आए हैं। श्री साव ने नवा रायपुर अटल नगर कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 13 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सेवा सेतु अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं का 100 प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सभी पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पूरे एक महीने तक चलेगा। इसकी शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस से हुई है।
श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर को हर गांव और हर घर में आशीर्वाद का दीया जलाया गया। लोगों ने स्वेच्छा से बड़े पैमाने पर आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की छत्तीसगढ़ में लोकप्रियता को दर्शाता है।छत्तीसगढ़ का कोई गांव, कोई शहर, कोई मोहल्ला और कोई घर ऐसा नहीं बचा, जहां आशीर्वाद के दीप न जले हों। सभी जिला मुख्यालयों में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजधानी रायपुर ने तो इतिहास रच दिया है। यहां 25 लाख दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया।
इसी तरह सभी संभाग मुख्यालयों, विकासखंड मुख्यालयों और नगरीय निकायों के मुख्यालयों में भी ऐतिहासिक रूप से आशीर्वाद के दीप जलाए गए। पूरा छत्तीसगढ़ आशीर्वाद के दीपों से जगमग हुआ। सेवा संकल्प अभियान ऐतिहासिक रूप से संचालित हो रहा है। यह अभियान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का व्यापक उदाहरण बनेगा।
कांग्रेस को सवाल करने का नैतिक अधिकार नहीं
डिप्टी सीएम साव ने कांग्रेस के बयान पर कहा कि 3,000 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में शामिल लोगों को सवाल करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देशवासियों को पीएम आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला कनेक्शन और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त किया गया। ऐसे प्रिय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस पर छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता ने आशीर्वाद के दीप जलाए हैं।




