छत्तीसगढ़अपराध

30 लाख की उधारी और ब्याज विवाद में शिक्षक की हत्या, साथी शिक्षक निकला आरोपी; 24 घंटे में खुलासा

रायपुर/आरंग। ग्राम बनचरौदा के पास महानदी तट पर शासकीय शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या के मामले का आरंग पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या का आरोपी मृतक का साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों के बीच पैसों के लेन-देन और ब्याज को लेकर विवाद था।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

महानदी तट पर मिला था शिक्षक का शव

17 सितंबर को बनचरौदा के पास महानदी किनारे एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान ग्राम रामपुर डंगनिया (चंपारण) निवासी शिवकुमार चंद्राकर (46) के रूप में हुई। वह ग्राम कुम्हारी स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर और चेहरे पर भारी वस्तु और धारदार हथियार से वार किए गए थे। घटनास्थल के पास उनकी मोटरसाइकिल भी मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

CCTV और VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से खुला राज

जांच के दौरान पुलिस का संदेह मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा पर गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना वाले दिन शिवकुमार को आखिरी बार चंद्रप्रकाश की सफेद स्कूटी पर जाते देखा गया था।पुलिस ने कुम्हारी स्कूल के CCTV फुटेज और शिक्षा विभाग के VSK (Vidya Samiksha Kendra) ऐप की लॉग रिपोर्ट का विश्लेषण किया। जांच में पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह करीब 9:35 बजे चंद्रप्रकाश स्कूल पहुंचा और निजी काम का हवाला देकर मोबाइल की लोकेशन बंद कर बाहर निकल गया।

दोपहर करीब 12:50 बजे वह स्कूल वापस आया। पुलिस के अनुसार, उसने अपने फोन से लॉग-इन करने के बजाय दूसरे शिक्षक के मोबाइल से उपस्थिति दर्ज कराई। VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से पुलिस को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

30 लाख रुपये के लेन-देन और ब्याज को लेकर था विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह और शिवकुमार पिछले करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन/ट्रेडिंग से जुड़े निवेश में साथ काम करते थे।पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके बदले शिवकुमार ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के तीन ब्लैंक चेक दिए थे। पुलिस का दावा है कि पिछले तीन महीनों से ब्याज का भुगतान नहीं होने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों कुम्हारी स्कूल के पास मिले। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और दोनों बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर चले गए। पुलिस के मुताबिक, वहां आरोपी ने अपनी स्कूटी में रखे धारदार हथियार और हथौड़े से शिवकुमार के सिर और चेहरे पर वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।

स्कूटी, हथियार और अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल सफेद स्कूटी, धारदार हथियार, हथौड़ा, मृतक के तीन ब्लैंक चेक, पर्स, दोनों के मोबाइल फोन तथा आरोपी के कथित खून से सने कपड़े, जूते और मोजे जब्त किए हैं।

आरंग पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश वर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 443/2026 में धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search