धमतरी में होगा किसान सम्मान निधि का बड़ा कार्यक्रम, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे शामिल

रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अगली किस्त का इंतज़ार कर रहे किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार 19 नवंबर को PM किसान सम्मान निधि की राशि जारी करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर देशभर के किसानों से जुड़ेंगे और किसानों के खातों में सीधे वित्तीय सहायता की किस्त अंतरित करेंगे।
छत्तीसगढ़ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम धमतरी में होगा,जहां केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। वे PM मोदी के राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे और किसानों को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डालेंगे। इस खास अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।

राज्य सरकार के अनुसार इस बार छत्तीसगढ़ के 25 लाख से अधिक किसानों को PM किसान सम्मान निधि की राशि जारी की जाएगी, जिससे रबी फसल की तैयारी में किसानों को राहत और आर्थिक मजबूती मिलेगी।
PM किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे खेती-किसानी से जुड़े खर्चों को पूरा करने में उन्हें मदद मिलती है।




