
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के झांसे में फंसकर तीन लोगों की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है। उरगा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव में कथित तांत्रिक क्रिया के दौरान तीन लोगों की हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। मृतकों में स्थानीय कबाड़ व्यापारी अशरफ मेमन भी शामिल हैं।
घटना तब सामने आई जब जानकारी मिली कि एक बैगा ने दावा किया था कि 5 लाख रुपये के बदले ढाई करोड़ रुपये दिलाए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए विशेष तंत्र क्रिया जरूरी होगी। आर्थिक लाभ के लालच में तीनों व्यक्ति इस क्रिया में शामिल हुए, लेकिन रात होते-होते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और एक-एक कर तीनों की मौत हो गई।
मृतकों के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए। इससे परिजनों ने तंत्र क्रिया के बजाय हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर जानबूझकर उनके परिजनों के साथ मारपीट की गई, जिसके चलते उनकी मौत हुई।
पुलिस ने मामले को संदेहास्पद मानते हुए 4 प्रत्यक्षदर्शियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। इसमें सवाल उठ रहा है कि तंत्र क्रिया वास्तव में की गई थी या फिर पैसों के लालच में किसी आपराधिक साजिश को अंजाम दिया गया।
उरगा थाना पुलिस ने मेनन के फॉर्महाउस से मिले सामग्री और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जब्त कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा, लेकिन फिलहाल यह मामला अंधविश्वास, लालच और अपराध का जटिल मिश्रण बन चुका है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है।




