छत्तीसगढ़अपराध

CG Bulletin की खबर का असर: अचानकमार टाइगर रिजर्व में हथियारबंद घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई

बैरियर गार्ड हटाया गया, रेंजर को नोटिस, तीन आरोपी गिरफ्तार

लोरमी। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के प्रतिबंधित कोर जोन से लगे क्षेत्र में हथियार लेकर घुसने और फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले में वन विभाग ने अब कड़ी और बहुस्तरीय कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने न सिर्फ आरोपियों को गिरफ्तार कराया, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों पर भी गाज गिराई है।

इस मामले में तत्काल प्रभाव से संबंधित बैरियर गार्ड को हटा दिया गया है, जबकि क्षेत्र में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह की घटना सुरक्षा तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाती है और इसकी जिम्मेदारी तय की जा रही है।

गौरतलब है कि इस पूरे मामले को cgbulletin.com ने प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद वन विभाग ने संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यदि समय रहते इस मामले पर सख्ती नहीं दिखाई जाती, तो यह वन्यजीव सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता था।

तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और वाहन जब्त

हथियार लहराने और फायरिंग करने वाले आरोपी अजीत वैष्णव (26)अनिकेत (27)विक्रांत वैष्णव (36)को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 2 एयर राइफल और टाटा सफारी स्टॉर्म वाहन जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

भविष्य में सख्ती के संकेत: वीडियो वायरल होने के बाद मचे हड़कंप के बीच ATR के डिप्टी डायरेक्टर ने साफ कहा है कि भविष्य में टाइगर रिजर्व क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

यह मामला अब केवल एक वायरल वीडियो नहीं, बल्कि अचानकमार टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी परीक्षा बन चुका है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button