बलरामपुर बस दुर्घटना: CM साय ने जताया गहरा शोक, मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख, घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर के समीप हुई भीषण बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस हृदयविदारक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ शासन पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार ने इस दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को ₹5 लाख तथा घायल व्यक्तियों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह सहायता राशि प्रशासन द्वारा दी जा रही तत्काल राहत एवं बीमा आदि से प्राप्त होने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।
घायलों के समुचित उपचार के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल सभी व्यक्तियों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न हो और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर: मुख्यमंत्री साय ने सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए हरसंभव और प्रभावी उपाय सुनिश्चित किए जाएँ।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। यह निर्णय राज्य सरकार की संवेदनशीलता, त्वरित राहत और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।



