नौकरी का सुनहरा अवसर : पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-02 रायपुर में शिक्षकों व अन्य पदों पर भर्ती

19 और 20 मार्च को वॉक-इन इंटरव्यू, सुबह 8:30 बजे से होगी रिपोर्टिंग
रायपुर। शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर सामने आया है। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-02 रायपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंशकालीन एवं संविदा आधार पर शिक्षकों तथा विभिन्न सहायक शैक्षणिक पदों की भर्ती की जा रही है। इस भर्ती के लिए 19 मार्च एवं 20 मार्च 2026 को विद्यालय परिसर में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दिन प्रातः 08:30 बजे अनिवार्य रूप से रिपोर्ट करना होगा। यह साक्षात्कार चयन पैनल तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, ताकि शैक्षणिक सत्र के दौरान आवश्यकता अनुसार नियुक्तियां की जा सकें।
19 मार्च 2026 (गुरुवार) को स्नातकोत्तर शिक्षक (PGT) हिंदी व अंग्रेजी, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) गणित, हिंदी एवं अंग्रेजी, प्राथमिक शिक्षक (PRT), बाल वाटिका शिक्षक, स्पेशल एजुकेटर और काउंसलर पदों के लिए साक्षात्कार लिया जाएगा। वहीं 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) को योग प्रशिक्षक, नर्स, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर (प्राथमिक/माध्यमिक), स्पोर्ट्स कोच, आर्ट-क्राफ्ट/डांस कोच तथा वोकेशनल इंस्ट्रक्टर पदों हेतु अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदन फॉर्म भरना अनिवार्य है, जिसके लिए सूचना पत्र में QR कोड उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन की हार्ड कॉपी, सभी मूल प्रमाण पत्र, स्वप्रमाणित छायाप्रति एवं पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वेतनमान एवं सेवा शर्तें केंद्रीय विद्यालय संगठन के नियमों के अनुसार होंगी। CTET उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का यात्रा या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विद्यालय की वेबसाइट no2raipur.kvs.ac.in एवं केंद्रीय विद्यालय संगठन की वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर विवरण देख सकते हैं।




