Naxal Dump: बीजापुर के डोडीतुमनार जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद

जमीन के अंदर बने बंकर से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार जब्त
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडीतुमनार जंगल में पुलिस ने नक्सलियों के एक बड़े डंप और भूमिगत बंकर का खुलासा किया है। यह बंकर जमीन के अंदर छिपाकर बनाया गया था, जहां बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान छिपाकर रखा गया था।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, कॉर्डेक्स वायर सहित कई घातक सामग्री बरामद की है। इसके अलावा नक्सलियों के उपयोग में आने वाले जनरेटर, सोलर प्लेट, बैटरी और वेल्डिंग मशीन भी जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई पीडिया पुलिस कैंप और गंगालूर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सर्चिंग अभियान के दौरान की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सामग्री का उपयोग नक्सली बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ी साजिश नाकाम हुई है।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और आसपास के जंगलों में भी जांच अभियान चलाया जा रहा है।




