
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का सहारा लेकर ठगों ने रायपुर उत्तर के विधायक Purandar Mishra को निशाना बनाया। ठगों ने खुद को भाजपा नेता Nitin Nabin का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने फोन कर खुद को नितिन नवीन का PA बताया और तत्काल छोटी आर्थिक मदद की जरूरत होने की बात कही। भरोसे में आकर विधायक पुरंदर मिश्रा ने दो किश्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। पहले 4,500 रुपए और बाद में 5,500 रुपए ऑनलाइन भेजे गए।
बाद में जब मामले की पुष्टि की गई तो विधायक को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में खम्हारडीह थाना में FIR दर्ज की गई है और क्राइम ब्रांच की टीम जांच में जुट गई है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि उनके पास नितिन नवीन के PA बनकर कॉल आया था। मदद की बात कहने पर उन्होंने राशि भेज दी, लेकिन बाद में धोखाधड़ी का पता चला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेताओं के नाम पर फर्जीवाड़ा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



