छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता का शुभंकर ‘पहाड़ी मैना’ लॉन्च, रायपुर बनेगा राष्ट्रीय जल क्रीड़ा का केंद्र

रायपुर। CM विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता के आधिकारिक मस्कट ‘पहाड़ी मैना’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सीएम साय ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को नई ऊर्जा और प्रेरणा देगी तथा राज्य की खेल पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत बनाएगी।

गौरतलब है कि 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर कायाकिंग-केनोईंग प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 जून 2026 तक नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-केनोईंग एसोसिएशन द्वारा भारतीय कायाकिंग-केनोईंग संघ तथा छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

कायाकिंग-केनोईंग एक ओलम्पिक खेल है, जिसमें छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए हैं। ऐसे में राजधानी रायपुर को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना प्रदेश के खेल इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, प्रशांत सिंह रघुवंशी सहित खेल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search