Water Supply News: रायपुर में आज शाम 42 टंकियों से नहीं होगी जलापूर्ति, कल से बहाल होगी सप्लाई

रायपुर- राजधानी रायपुर के नागरिकों को आज शाम पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। जलकार्य विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार बिजली की भूमिगत केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने के कार्य के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित रहेगी। इस दौरान 33 केवी विद्युत लाइन को बंद रखा जाएगा, जिससे जल शोधन संयंत्रों का संचालन भी प्रभावित होगा।
विभाग के मुताबिक 90 एमएलडी और 150 एमएलडी क्षमता वाले फिल्टर प्लांट निर्धारित समय तक बंद रहेंगे। इसके चलते शहर की 42 पानी टंकियों से होने वाली जलापूर्ति प्रभावित होगी और कई इलाकों में शाम के समय पानी की सप्लाई नहीं हो सकेगी।
जलकार्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पहले से पानी का भंडारण कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। विभाग का कहना है कि तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार 12 जून से जलापूर्ति नियमित रूप से शुरू हो जाएगी और शहर में पानी की सप्लाई पूर्ववत संचालित होगी। विभाग लगातार कार्य की निगरानी कर रहा है ताकि मरम्मत कार्य समय पर पूरा कर जलापूर्ति बहाल की जा सके।




