पीएम आवास योजना की प्रगति पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, 18 लाख में से 10 लाख आवास पूर्ण होने की दी जानकारी

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसी संबंध में उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर योजना की उपलब्धियों और प्रगति से अवगत कराया है।
उप मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बताया है कि राज्य में स्वीकृत 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों में से 10 लाख आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने उल्लेख किया कि आवास निर्माण की गति के मामले में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है और वर्तमान में राज्य में प्रतिदिन औसतन 1600 आवास पूर्ण किए जा रहे हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर सर्वाधिक है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य में 6 लाख आवासों का निर्माण पूरा किया गया, जो देश में सबसे अधिक है। उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सरकार की प्राथमिकता शेष लंबित आवासों का निर्माण भी जल्द से जल्द पूरा करना है, जिसके लिए जिला स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों परिवारों का पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। पत्र में लंबित आवासों के निर्माण कार्य में और तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया गया है।





