संत गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलकर समरस, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करें : CM साय

बिलासपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि संत शिरोमणि गाडगे बाबा के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उनके बताए सेवा, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के मार्ग पर चलकर ही समृद्ध, स्वच्छ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को बिलासपुर जिले के बोदरी में आयोजित संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती, शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संत गाडगे बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन दर्शन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 42 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क अधोसंरचना किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गाडगे बाबा ने अपना पूरा जीवन समाज सुधार, स्वच्छता और मानव सेवा को समर्पित किया। उन्होंने छुआछूत, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाकर समाज को नई सोच दी। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित स्वच्छ भारत मिशन, संत गाडगे बाबा के स्वच्छता और जनजागरण के संदेश को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सामाजिक आंदोलन है।
विकास कार्यों की बड़ी घोषणाएँ
मुख्यमंत्री श्री साय ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कन्नौजे रजक समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 60 लाख रुपये तथा संत गाडगे भवन निर्माण के लिए 25 डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।इसके अलावा सन्नडय कुर्मी समाज के सामुदायिक भवन के लिए 60 लाख रुपये तथा वर्मा समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने धमनी-चकरभाठा मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नयन, बोदरी में एयरपोर्ट के समीप खेल मैदान उपलब्ध कराने तथा जोरा तालाब के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की।




