
सप्लाई के नाम पर लिया माल, भुगतान नहीं करने का आरोप; रायपुर समेत सरगुजा के 8 से अधिक व्यापारी बने शिकार
रायपुर। राजधानी रायपुर सहित सरगुजा संभाग के कई शक्कर कारोबारियों के साथ दो करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शक्कर सप्लाई के नाम पर उधार में माल लेने के बाद भुगतान नहीं किया गया।
मामले में रायगढ़ निवासी राजेश अग्रवाल और उसके बेटे के खिलाफ खमतराई थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कारोबारियों का विश्वास जीतने के लिए ‘छग-ओडिशा-MP शुगर व्यापारी यूनियन’ नाम से एक समूह बनाया और व्यापारिक नेटवर्क तैयार किया।
बताया जा रहा है कि रायपुर के रामसागरपारा स्थित एक होटल में कारोबारियों की बैठक भी आयोजित की गई थी, जहां व्यापारिक लेन-देन और सप्लाई को लेकर चर्चा हुई थी। इसके बाद विभिन्न व्यापारियों से बड़ी मात्रा में शक्कर उधार में ली गई, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रायपुर और सरगुजा संभाग के 8 से अधिक कारोबारी इस कथित ठगी के शिकार हुए हैं। कुल लेन-देन की राशि दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे नेटवर्क तथा आर्थिक लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।




