रायपुर की प्यास बुझाएगा गजराज बांध! राज्यपाल रमेन डेका की बड़ी पहल, 230 एकड़ में फैले गजराज बांध को पेयजल जलाशय के रूप में विकसित करने की तैयारी, नगर निगम को दिए निर्देश

रायपुर- शहर की बढ़ती पेयजल जरूरतों को देखते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने गजराज बांध को शहर की जल आपूर्ति से जोड़ने की पहल की है। बुधवार को लोकभवन में आयोजित बैठक में राज्यपाल ने नगर निगम की महापौर मीनल चौबे और अतिरिक्त आयुक्त विनोद पाण्डेय के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा की।
कमल विहार स्थित लगभग 230 एकड़ क्षेत्र में फैले गजराज बांध की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बांध का सिंचाई कार्यों में पर्याप्त उपयोग नहीं हो रहा है। आवश्यक मरम्मत और संरचनात्मक सुधार के बाद इसे रायपुर शहर के लिए बड़े पेयजल भंडार के रूप में विकसित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गजराज बांध को पेयजल जलाशय के रूप में विकसित किए जाने से रायपुर को भविष्य में शुद्ध और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। राज्यपाल ने महापौर को संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।




