डोंगरगांव बना नगर पालिका परिषद, डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी सौगात

रायपुर – राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की पहल पर डोंगरगांव नगर पंचायत का उन्नयन कर उसे नगर पालिका परिषद का दर्जा दे दिया गया है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने राजपत्र अधिसूचना जारी कर दी है।
डोंगरगांव को नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र के सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिलेगी। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार करीब 14,693 आबादी वाले इस नगर को अब अधिक संसाधन और विकास योजनाओं में प्राथमिकता मिल सकेगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में डोंगरगांव में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास होगा। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी नागरिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
नगर पालिका परिषद बनने की घोषणा के बाद डोंगरगांव में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और पार्षदों ने नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर उनका आभार जताया। जनप्रतिनिधियों ने इसे डोंगरगांव के विकास की दिशा में ऐतिहासिक फैसला बताते हुए कहा कि इस निर्णय से नगर के विकास को नई गति मिलेगी।



